पूर्णिया, बिहार। जिला पदाधिकारी पूर्णिया अंशुल कुमार के दिशा-निर्देश में मद्यनिषेध विभाग की टीम ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 263.490 लीटर विदेशी शराब और 17.500 लीटर देशी शराब, यानी 281 लीटर से अधिक शराब बरामद की गई। कार्रवाई में कुल छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
डालखोला चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान एक कार की तलाशी ली गई। कार में छिपाकर ले जाई जा रही 258.990 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने संबंधित कार को जब्त कर लिया और मामले में विधिसम्मत कार्रवाई शुरू की।
सदर पूर्णिया क्षेत्र में धारा 30(a) के तहत कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 14.500 लीटर देशी शराब बरामद हुई।
इसी क्रम में मद्यनिषेध थाना धमदाहा की टीम ने जानकीनगर थाना क्षेत्र के अभयराम चकला स्थित संथाली टोला में छापेमारी कर एक महिला अभियुक्त को गिरफ्तार किया। उसके पास से करीब 3 लीटर देशी शराब बरामद हुई।
वहीं, डालखोला चेकपोस्ट पर हुई दूसरी कार्रवाई में एक महिला अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 4.5 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी है।









