आवारा सांड़ के हमले में बुजुर्ग की मौत, गाय को बचाने के दौरान हुआ हादसा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कसया (कुशीनगर)। कसया तहसील क्षेत्र के सखवनिया बुजुर्ग गांव के शिवराजपुर टोले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में आवारा सांड़ के हमले से 73 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग एक गाय को सांड़ से बचाने का प्रयास कर रहे थे, तभी सांड़ ने उन पर हमला कर दिया।

मृतक की पहचान शिवराजपुर टोला निवासी रामसिंह (73) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह करीब आठ बजे टहलकर घर लौटने के बाद रामसिंह ने देखा कि एक आवारा सांड़ एक गाय को परेशान कर रहा है। गाय को बचाने के लिए उन्होंने सांड़ को वहां से भगाने की कोशिश की।

इसी दौरान सांड़ अचानक उग्र हो गया और रामसिंह पर हमला कर दिया। हमले में उनके सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल कसया के एक अस्पताल ले गए।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए गोरखपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव और आसपास के क्षेत्रों में घूम रहे आवारा पशुओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि आवारा पशुओं के कारण लोगों की जान-माल को लगातार खतरा बना हुआ है।

इस संबंध में कसया के एसडीएम विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। राजस्व टीम को मौके पर भेजकर रिपोर्ट मांगी गई है। शासन की ओर से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।

 

जिला प्रभारी – जितेंदर सिंह 

और पढ़ें

[the_ad id="164"]