कुशीनगर: कसया (कुशीनगर)। कसया थाना क्षेत्र के इमरी चुराम छपरा गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव उसके घर के सामने सड़क किनारे पड़ा मिला। मृतक की पहचान गांव निवासी कोटेदार योगेंद्र मद्देशिया के पुत्र मोहित मद्देशिया के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पहले घर के बाहर और बाद में गोवरही चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किया तथा सड़क जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मोहित सोमवार रात गांव के बाहर हेतीमपुर-गोवरही मार्ग स्थित अपने मकान में सोने गया था। मंगलवार सुबह करीब सात बजे स्थानीय लोगों ने मकान के सामने सड़क किनारे उसका शव पड़ा देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
परिजनों का आरोप है कि मोहित की हत्या मकान के अंदर की गई और बाद में शव को बाहर सड़क किनारे फेंक दिया गया ताकि घटना को दूसरा रूप दिया जा सके। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
घटना से नाराज परिजनों ने पहले घर के बाहर शव रखकर प्रदर्शन शुरू किया। बाद में वे शव लेकर कसया-रामकोला मार्ग स्थित गोवरही चौराहे पर पहुंच गए और सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। परिजन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते रहे।
मृतक के पिता योगेंद्र मद्देशिया ने बताया कि घटनास्थल से एक मोबाइल फोन मिला है। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। परिजनों की मांग है कि हिरासत में लिए गए लोगों से कड़ी पूछताछ कर मामले का जल्द खुलासा किया जाए।
ग्रामीणों के अनुसार, मोहित चार भाइयों में सबसे छोटा था और धुनकटी मशीन चलाकर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। उसकी अचानक मौत की खबर मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ कसया डॉ. अजय कुमार सिंह, तहसीलदार धर्मवीर सिंह और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









