आरा मशीन पर वन विभाग की बड़ी छापेमारी, भारी मात्रा में सागौन की लकड़ी सीज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज/निचलौल। निचलौल कस्बे में शुक्रवार शाम वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक आरा मशीन पर छापेमारी कर भारी मात्रा में सागौन की लकड़ी बरामद की। कार्रवाई के दौरान लकड़ियों को सीज कर जांच शुरू कर दी गई। इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग को आरा मशीन पर अवैध रूप से लकड़ियों के भंडारण की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) निरंजन सुर्वे के नेतृत्व में टीम ने आरा मशीन पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान परिसर में बड़ी मात्रा में सागौन की लकड़ी मिली, जिसके बाद टीम ने संबंधित दस्तावेजों और अभिलेखों की जांच की। प्रारंभिक जांच के बाद लकड़ियों को वन विभाग ने अपने कब्जे में लेकर सीज कर दिया।

छापेमारी के दौरान निचलौल रेंजर सुनील राव, थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार राय, पुलिस बल तथा वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्रवाई कई घंटों तक चली।

डीएफओ निरंजन सुर्वे ने बताया कि बरामद लकड़ी और उससे संबंधित सभी दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की वित्तीय या वैधानिक अनियमितता अथवा भारतीय वन अधिनियम का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित आरा मशीन संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल वन विभाग की टीम लकड़ियों के स्रोत, परिवहन और अभिलेखों की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]