रोहिन नदी के तटबंधों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, बाढ़ सुरक्षा तैयारियों का लिया जायजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज, जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को उपजिलाधिकारी सदर एवं तहसीलदार सदर ने सिंचाई विभाग (बाढ़ खंड) के अधिकारियों के साथ रोहिन नदी पर स्थित प्रमुख तटबंधों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जरडी-डोमरा, चेहरी, अमहवां रिंग, लक्ष्मीपुर रिंग तथा अनंतपुर-बड़हरा तटबंधों का गहन निरीक्षण कर उनकी संरचनात्मक स्थिति, सुरक्षा उपायों, संवेदनशील स्थलों एवं बाढ़ सुरक्षा सामग्री की उपलब्धता का आकलन किया। साथ ही विभाग द्वारा कराए गए सुरक्षात्मक कार्यों की भी समीक्षा की गई।

निरीक्षण में सभी तटबंध सुरक्षित एवं संतोषजनक स्थिति में पाए गए। इसके बावजूद अधिकारियों ने निर्देश दिए कि आपातकालीन परिस्थितियों में स्थापित होने वाली बाढ़ चौकियों पर सभी आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जा सकें।

अधिकारियों ने तटबंधों की लगातार निगरानी बनाए रखने, किसी भी प्रकार की कटान, रिसाव या अन्य असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल उपलब्ध कराने तथा आवश्यक सुरक्षात्मक कार्रवाई समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनपद में बाढ़ से निपटने की तैयारियों की नियमित समीक्षा की जा रही है। आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभागों को पूर्ण सतर्कता, समन्वय और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]