वित्त विहीन शिक्षकों के हित में सरकार के फैसलों का श्रेय लेने की होड़: आफताब आलम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पनियरा (महराजगंज)। माध्यमिक वित्त विहीन शिक्षकों के हित में भाजपा सरकार की ओर से लिए गए निर्णयों का श्रेय लेने की होड़ मची हुई है। इसी क्रम में एक संगठन की ओर से महराजगंज से शिक्षक अधिकार यात्रा निकाले जाने को माध्यमिक वित्त विहीन शिक्षक महासभा (उमेश द्विवेदी गुट) के प्रदेश महासचिव आफताब आलम खां ने दिखावा करार दिया है।

आफताब आलम खां ने आरोप लगाया कि यात्रा के प्रचार-प्रसार के लिए जारी पोस्टर में शामिल अधिकांश पदाधिकारी मौके पर उपस्थित नहीं रहे। उन्होंने कहा कि माध्यमिक वित्त विहीन शिक्षकों की सेवा सुरक्षा के लिए नए सिरे से सेवा नियमावली बनाने की घोषणा प्रदेश सरकार ने की है। उनके मुताबिक, यह निर्णय लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा एमएलसी उमेश द्विवेदी के प्रयासों और संघर्षों का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि राजकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों की तरह वित्त विहीन विद्यालयों के शिक्षकों को भी कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार काम कर रही है। इसके लिए वित्त विहीन विद्यालयों के शिक्षकों का डाटा एकत्र किया जा रहा है।

आफताब आलम खां ने आरोप लगाया कि सरकार के इन फैसलों की जानकारी होने के बाद कुछ लोग इसका श्रेय लेने के लिए तरह-तरह के प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में शिक्षक अधिकार यात्रा का आयोजन किया गया है। उन्होंने दावा किया कि शिक्षक ऐसे प्रयासों और दावों के बहकावे में नहीं आएंगे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]