बागपत के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता का शव गन्ने के खेत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हत्या की आशंका समेत विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

मामला बड़ौत क्षेत्र के खड़खड़ी गांव की रहने वाली रूबीना से जुड़ा है। उसकी शादी करीब तीन साल पहले मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर निवासी आलीशान अली से हुई थी, जो भारतीय सेना में सिपाही है।
जानकारी के मुताबिक, 22 अक्टूबर को आलीशान ने रूबीना को फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने तलाश की, लेकिन पता नहीं चलने पर 23 अक्टूबर को उसके भाई आजाद ने बड़ौत कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
शनिवार सुबह वाजिदपुर गांव के पास गन्ने के खेत में रूबीना का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ बड़ौत अंशु जैन ने बताया कि मृतका के भाई की ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








