22 सूत्रीय मांगों को लेकर माध्यमिक शिक्षकों का धरना-प्रदर्शन, पुरानी पेंशन बहाली की उठी मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय परिसर में शिक्षकों ने धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के प्रांतीय महामंत्री राजीव यादव ने किया। इस दौरान संगठन के प्रांतीय मंत्री डॉ. महेंद्र राय भी मौजूद रहे।

धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश में माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक लगातार विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुरानी पेंशन समाप्त होने, नगर प्रतिकर भत्ता, परिवार नियोजन भत्ता सहित अन्य सुविधाएं खत्म होने तथा धारा 12, 18 और 21 समाप्त किए जाने के बावजूद शिक्षकों की आवाज प्रभावी ढंग से नहीं उठाई गई। उन्होंने कहा कि अब शिक्षकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए स्वयं संगठित होकर संघर्ष करना होगा।

धरने के दौरान शिक्षकों ने वर्ष 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाल करने, एडेड विद्यालयों का राजकीयकरण, धारा 12, 18 और 21 की बहाली समेत 22 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया। साथ ही स्थानीय स्तर की विभिन्न समस्याओं के समाधान की भी मांग की गई।

इस अवसर पर जिला मंत्री चंदन कुमार, उपाध्यक्ष संतोष कश्यप, डॉ. सर्वेशमणि त्रिपाठी, धर्मेंद्र सिंह, विवेक कुमार यादव, संरक्षक डॉ. पंकज गुप्त, जिला प्रवक्ता कुमुद रंजन सिंह, अटेवा के प्रांतीय संगठन मंत्री राजेश जायसवाल, टीपी सिंह, कोषाध्यक्ष राघवेंद्र गुप्ता सहित जनपद के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]