
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, संत विजय कौशल महाराज, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र और सीईओ लक्ष्मी नागप्पन सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। गणेश वंदना के बाद हेमा मालिनी ने तीन दर्जन से अधिक कलाकारों के साथ मां गंगा की भूमिका निभाई।
प्रस्तुति में राजा भगीरथ की तपस्या, गंगा का धरती पर अवतरण और भगवान शिव द्वारा गंगा की धारा को जटाओं में धारण करने जैसे प्रसंगों का सजीव चित्रण किया गया। साथ ही गंगा की वर्तमान स्थिति और प्रदूषण की समस्या को भी प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। यमुना सहित अन्य नदियों को स्वच्छ रखने और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण का संदेश देती इस प्रस्तुति ने दर्शकों को आध्यात्मिकता और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा।









