थाने में सरकारी पिस्टल से अचानक चली गोली, एक व्यक्ति घायल, दो पुलिसकर्मी निलंबित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मालखाने का चार्ज सौंपते समय हुआ हादसा, लापरवाही पर हेड कांस्टेबल और आरक्षी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू

ललितपुर। जिले के जाखलौन थाना परिसर में सरकारी पिस्टल से अचानक गोली चलने से एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक ने हेड कांस्टेबल और आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, जाखलौन कस्बे में मकान निर्माण को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद हो गया था। विवाद की सूचना पर पुलिस दोनों भाइयों को निरोधात्मक कार्रवाई के लिए थाने लेकर आई थी। इसी दौरान थाने के मालखाने का चार्ज सौंपने और लेने की प्रक्रिया चल रही थी। तभी सरकारी पिस्टल से अचानक गोली चल गई।

गोली फर्श से टकराकर उछली और थाने में मौजूद जाखलौन निवासी राजाराम पुत्र बालचन्द्र के बाएं पैर में टखने के पास तथा हाथ में कोहनी के ऊपर जा लगी। गोली लगने से राजाराम घायल हो गया। आनन-फानन में पुलिस उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची।

अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि घायल व्यक्ति की हालत सामान्य है। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने लापरवाही के आरोप में हेड कांस्टेबल नईम और आरक्षी राज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। घटना के बाद पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

रिपोर्ट- राहुल साहू

और पढ़ें

[the_ad id="164"]