गुमशुदगी के बाद मिला 20 वर्षीय युवक का शव, हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने लगाया जाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हत्या का मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, पुलिस के आश्वासन पर शांत हुए परिजन

बाराबंकी। जिले के सतरिख थाना क्षेत्र में गुमशुदगी के बाद 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव गांव पहुंचते ही आक्रोशित परिजनों ने तीरगांव रोड पर शव रखकर सड़क जाम कर दी। परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। देर रात पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

जानकारी के अनुसार, सतरिख थाना क्षेत्र के शेखवापुर गांव निवासी 20 वर्षीय रामकरन पुत्र स्वर्गीय पीताम्बर 19 अक्टूबर से लापता था। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की थी। शुक्रवार को असंद्रा थाना क्षेत्र में रामकरन का शव बरामद हुआ। शिनाख्त के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शुक्रवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के कारण मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।

काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और पुलिस की मौजूदगी में युवक का अंतिम संस्कार किया गया। परिजन मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्टर- रवेंद्र वर्मा

और पढ़ें

[the_ad id="164"]