आगरा में अवैध सिम बॉक्स नेटवर्क का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

221 सिम कार्ड, 8 सिम बॉक्स और 96 रेडियो एंटीना बरामद, साइबर फ्रॉड से जुड़े तार

आगरा। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आगरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर क्राइम पुलिस, एसओजी, सर्विलांस टीम और दूरसंचार विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध सिम बॉक्स नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बीवी एंटरप्राइजेज के परिसर में छापेमारी कर दो आरोपियों आमिर सैफी और मनीष को गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 8 सिम बॉक्स, 221 सिम कार्ड, 96 रेडियो एंटीना, 5 लैपटॉप, एक डेल सर्वर और अन्य नेटवर्किंग उपकरण बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में नेटवर्क के जरिए संदिग्ध टेलीकॉम गतिविधियां संचालित होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, जांच में लोन रिकवरी के नाम पर लोगों को धमकाने और साइबर फ्रॉड से जुड़े तथ्य भी सामने आए हैं। बरामद सिम बॉक्स में 32 सिम स्लॉट पाए गए हैं, जिनके जरिए बड़ी संख्या में सिम कार्ड एक साथ नेटवर्क से जोड़े जा सकते हैं।

डीसीपी पश्चिमी आदित्य कुमार ने बताया कि बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और सिम कार्डों की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसके जरिए संचालित संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है।

 

रिपोर्ट – ममता भारद्वाज

और पढ़ें

[the_ad id="164"]