साथी के साथ नदी में नहाने गया था युवक, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
झांसी। जिले के लहचूरा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर धसान नदी में नहाते समय 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना ग्राम गुढ़ा स्थित झारखंड धाम मंदिर के पास की है। युवक अपने साथी के साथ नदी में नहाने गया था। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद किया।

मृतक की पहचान दीप सिंह (22) पुत्र कृपाल सिंह, निवासी ग्राम जलालपुरा, थाना गरौठा, जनपद झांसी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दीप सिंह गुरुवार दोपहर अपने साथी कुलदीप सिंह निवासी गरौठा के साथ झारखंड धाम मंदिर के पास धसान नदी में नहाने पहुंचा था। नहाते समय अचानक वह नदी के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
घटना की जानकारी मिलते ही लहचूरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की सहायता से नदी में युवक की तलाश शुरू कराई। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक का शव नदी से बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में युवक के साथी कुलदीप सिंह से भी जानकारी ली गई। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। युवक की असमय मौत से परिजनों में शोक का माहौल है।









