13 चार्जों में प्रगणकों और सुपरवाइजरों को दिया जा रहा प्रशिक्षण, डीएम ने किया निरीक्षण
महराजगंज। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत जनसंख्या गणना को त्रुटिरहित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार से जनपद के 13 चार्जों में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया। जिले में कुल 1,964 प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया जाना है। पहले दिन 1,816 कार्मिक उपस्थित रहे, जबकि 148 अनुपस्थित पाए गए।
जनपद के 15 चार्जों में चार तहसील और 11 नगर निकाय शामिल हैं। नगर पालिका परिषद सिसवा और आनंदनगर को छोड़कर शेष चार्जों में 22 अक्टूबर से पांच नवंबर तक अलग-अलग बैचों में प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है।
तहसील सदर के समेकित विद्यालय धनेवा-धनेई में जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जनगणना महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इससे प्राप्त आंकड़े विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों के निर्माण का आधार बनते हैं। इसलिए प्रत्येक जानकारी का सही और तथ्यपरक संकलन आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने प्रशिक्षकों को प्रथम चरण में सामने आई त्रुटियों और व्यावहारिक कठिनाइयों की जानकारी साझा करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रशिक्षण स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
इसी क्रम में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनोज कुमार ने फरेंदा और बृजमनगंज तथा जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने घुघली में प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।









