बागपत में इंटर कॉलेज बना जंग का मैदान, मारपीट का वीडियो वायरल, 11 गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे, आधा दर्जन से अधिक घायल, 21 नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

बागपत। बागपत कोतवाली क्षेत्र के पदडा गांव स्थित शास्त्री स्मारक इंटर कॉलेज में छात्रों के दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बुधवार को हुए इस विवाद में छात्रों और उनके परिजनों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना में मोहित, विपुल और गय्यूर समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में 21 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, कक्षा 11 के छात्र मोहित और उसके साथी पर दूसरे पक्ष के छात्र व परिजनों ने कथित रूप से जानलेवा हमला किया। वहीं, गय्यूर पक्ष ने भी कई लोगों पर कॉलेज परिसर में घुसकर उनके परिवार के छात्र के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।

वायरल वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। बाहरी लोग भी कॉलेज परिसर में घुसकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं, जबकि विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी बीच-बचाव का प्रयास कर रहे हैं। घटना से कॉलेज में मौजूद छात्र-छात्राओं में भय का माहौल बन गया।

हैरानी की बात यह रही कि मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी मारपीट जारी रही। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कोतवाली प्रभारी मनोज चाहल ने बताया कि मामले में कार्रवाई जारी है। वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]