रामपुर में अखिलेश यादव और आजम खान की मुलाकात पर नजरें, जिला जेल में करीब 45 मिनट मिलने का कार्यक्रम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रामपुर पहुंचेंगे सपा प्रमुख, आजम खान और अब्दुल्लाह आजम से मुलाकात को लेकर सियासी हलचल तेज

रामपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के रामपुर दौरे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव के दोपहर 12:30 बजे रामपुर पहुंचने का कार्यक्रम है। इस दौरान वह जिला कारागार में बंद पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्लाह आजम से मुलाकात करेंगे। बताया जा रहा है कि यह मुलाकात करीब 45 मिनट तक चल सकती है।

जानकारी के मुताबिक, अखिलेश यादव का हेलीकॉप्टर जौहर विश्वविद्यालय में उतरने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह सड़क मार्ग से जिला कारागार पहुंचेंगे। मुलाकात के बाद उनके आजम खान के परिवार और उनकी पत्नी तंजीम फातिमा से भी मिलने की संभावना जताई जा रही है।

मुलाकात के सियासी मायने पर चर्चा

रामपुर में अखिलेश यादव और आजम खान की मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। हालिया राजनीतिक गतिविधियों और असदुद्दीन ओवैसी की रामपुर में चुनावी जनसभा के बाद इस दौरे को लेकर लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं। हालांकि, मुलाकात का वास्तविक उद्देश्य और इसमें किन मुद्दों पर बातचीत होगी, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

आजम खान और अखिलेश यादव के बीच होने वाली इस मुलाकात को समाजवादी पार्टी के राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि मुलाकात के बाद अखिलेश यादव क्या बयान देते हैं और रामपुर की राजनीति को लेकर कोई नई बात सामने आती है या नहीं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]