बाराबंकी। बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर मसौली थाना क्षेत्र के शाहवपुर नहर के पास रोडवेज बस और इलेक्ट्रिक कार के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
जानकारी के अनुसार, बहराइच जनपद निवासी अंकित वैश्य, राकेश वैश्य और शक्ति वैश्य इलेक्ट्रिक कार से लखनऊ से अपने घर बहराइच जा रहे थे। इसी दौरान मसौली थाना क्षेत्र में शाहवपुर नहर के पास सामने से आ रही रोडवेज बस ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मसौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल तीनों घायलों का उपचार जारी है।









