लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पारा इलाके में थार सवारों की कथित दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि थार वाहन सवारों ने एक बस में टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस में बैठे यात्रियों के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है। घटना में 5 से 6 यात्रियों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और थार सवारों को घेर लिया गया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि थार वाहन के अंदर शराब पार्टी चल रही थी और गाड़ी में शराब की बोतलें भी मिलीं। नशे में धुत होकर कई लोगों को वाहन से टक्कर मारने का आरोप भी लगाया गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। वहीं, थाने में थार सवार पक्ष पर हंगामा करने और मेडिकल जांच कराने से इनकार करने का आरोप है।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। अब मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।









