अमृत सरोवर हादसा: सपा नेता गौरीशंकर गुप्ता ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, निष्पक्ष जांच और मुआवजे की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सिसवा (महराजगंज)। नगर पालिका परिषद सिसवा के वार्ड संख्या 25 (सभया टोला) स्थित निर्माणाधीन अमृत सरोवर में तीन मासूम बच्चों की डूबने से हुई मौत के बाद सोमवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं साहू समाज के संरक्षक गौरीशंकर गुप्ता पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

मुलाकात के दौरान परिवारों का दर्द छलक पड़ा। मृतक नितेश यादव के पिता ने भावुक होकर कहा कि जिस पोखरे से लोगों को उम्मीद थी, वह अब उनके परिवार के लिए हमेशा का दर्द बन गया है। वहीं मृतक रोहित और किशन के परिजनों ने भी प्रशासन से जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

गौरीशंकर गुप्ता ने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद और प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम प्रतीत होता है। यदि निर्माणाधीन अमृत सरोवर पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए गए होते तो शायद यह दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी।

उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा मृतक बच्चों के परिजनों को तत्काल उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि जिले के सभी निर्माणाधीन जलाशयों और अमृत सरोवरों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]