निचलौल (महराजगंज)। विकास खंड निचलौल की ग्राम पंचायत सोहट में पिछले करीब छह महीनों से बदहाल पड़ी मुख्य सड़क की आखिरकार मरम्मत शुरू हो गई। सड़क पर बने गहरे गड्ढों और जलभराव से परेशान ग्रामीणों को अब राहत मिलने लगी है। यह कार्य पूर्व प्रधान धर्म दयाल सिंह की पहल पर निजी खर्च से कराया गया, जिसकी क्षेत्र में सराहना हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पंचायत सोहट की मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में थी। बारिश के दौरान सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार बाइक सवार और पैदल चलने वाले लोग फिसलकर घायल भी हो चुके थे। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूर्व प्रधान धर्म दयाल सिंह ने स्वयं आगे बढ़कर सड़क पर ईंट और राबिश (मलबा) डलवाकर गड्ढों को भरवाया। इसके बाद मार्ग पर आवागमन पहले की तुलना में काफी सुगम हो गया और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली।
स्थानीय ग्रामीण अनिल सिंह, राधेश्याम, अनिल दुबे, संतोष शर्मा, योगेंद्र चौधरी, महेंद्र पुरी, अजय निराला, हेमंत चौधरी, शिव कुमार चौहान, रामचंद्र यादव, राजन प्रसाद, जितेंद्र चौधरी और सोनू ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण पिछले छह महीनों से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे थे और बच्चों, बुजुर्गों तथा दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी होती थी।
ग्रामीणों ने कहा कि पूर्व प्रधान द्वारा निजी स्तर पर कराया गया यह कार्य जनहित में एक सराहनीय पहल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग इस सड़क का स्थायी निर्माण भी जल्द कराएगा, ताकि भविष्य में लोगों को फिर ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क का जल्द से जल्द पक्कीकरण कराया जाए, जिससे क्षेत्र के लोगों को स्थायी रूप से बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।









