कोठीभार थाना क्षेत्र के गेरमा गांव के समीप सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 62 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। हादसे में बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गेरमा निवासी अर्जुन यादव (62 वर्ष) सोमवार की शाम गांव के बाहर अपनी भैंस चराने गए थे। इसी दौरान गेरमा-दुर्गावलिया मार्ग पर तेज गति से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अर्जुन यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
इस दुर्घटना में बाइक चालक बाबूलाल गुप्ता (38 वर्ष), निवासी दुर्गावलिया भी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक बुजुर्ग की मृत्यु हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर प्रभावी यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।









