हरिद्वार। राजाजी टाइगर रिजर्व की सीमा में एक हथिनी का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। बिल्केश्वर कॉलोनी के पास घने जंगल में हथिनी का शव मिलने की सूचना पर राजाजी टाइगर रिजर्व के अधिकारी और वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हथिनी की मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जंगल में मिला हथिनी का शव करीब तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है। मृत हथिनी की उम्र लगभग 12 से 15 वर्ष के बीच होने का अनुमान लगाया गया है। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद जंगल में ही हथिनी के शव का पोस्टमार्टम कराया।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पहाड़ी से गिरने के कारण हथिनी की मौत हुई होगी। हालांकि, वन विभाग के अधिकारियों ने अभी मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं की है।
राजाजी टाइगर रिजर्व की रेंज अधिकारी आभा रतूड़ी ने बताया कि हथिनी के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की स्पष्ट वजह सामने आ सकेगी।
फिलहाल वन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। हथिनी की मौत के पीछे किसी अन्य कारण की संभावना को लेकर भी जांच के निष्कर्षों का इंतजार किया जा रहा है।









