पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (चंदौली)। वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित होने वाले एयर शो को लेकर रेलवे प्रशासन अलर्ट हो गया है। संभावित भारी भीड़ और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए बुधवार को एडीजी रेलवे प्रकाश डी पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचे। यहां उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की।
एडीजी रेलवे ने कहा कि एयर शो के दौरान वाराणसी, काशी और डीडीयू जंक्शन पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के साथ भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार सहित भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा।
एडीजी रेलवे ने आरपीएफ और जीआरपी के बीच बेहतर समन्वय बनाकर काम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
उन्होंने यात्रियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और रेलवे प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। अधिकारियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।
रिपोर्ट- अशोक कुमार जायसवाल









