दोपहर दो बजे से लागू रहेगा रूट डायवर्जन, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था
ऋषिकेश। दशहरा पर्व के मद्देनजर शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। 20 अक्टूबर को पर्व के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के साथ रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है।
यातायात उपनिरीक्षक (टीएसआई) रविकांत ने बताया कि दोपहर दो बजे से श्यामपुर की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को ऋषिकेश शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इन वाहनों को ऋषिकेश बाईपास होते हुए नटराज चौक की ओर भेजा जाएगा। वहीं पुरानी चुंगी से आने वाले वाहनों को अंबेडकर चौक, गौरा देवी चौक और नटराज चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
चंद्रभागा तिराहे से वाहनों को बस अड्डे के रास्ते नटराज चौक और बाईपास की ओर भेजने की व्यवस्था की गई है। दोपहर दो बजे से त्रिवेणी घाट चौराहा, घाट रोड, जयराम आश्रम मोड़, लाजपत रोड, मुखर्जी मार्ग, क्षेत्र रोड और गोल मार्केट रोड पर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
पर्व में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए जयराम आश्रम मोड़ स्थित टैक्सी स्टैंड और विक्रम स्टैंड को खाली कराकर अस्थायी पार्किंग बनाई गई है। पंजाब सिंध क्षेत्र धर्मशाला में भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
रिपोर्ट – सागर रस्तोगी









