टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में चार गिरफ्तार, सलमान खान के घर की रेकी का भी शक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में जांच तेज हो गई है| दिल्ली से दो महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है| पुलिस सलमान खान के घर की रेकी के आरोपों की भी जांच कर रही है|

दो महिलाओं समेत चार आरोपी गिरफ्तार

टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के मामले में पुलिस ने कुनाल, सुमित, राधा और बबीता को गिरफ्तार किया है| कुनाल और सुमित हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं, जबकि राधा और बबीता उत्तर प्रदेश से हैं| महाराष्ट्र पुलिस की सीआईडी टीम ने अदालत से अनुमति मिलने के बाद चारों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया| इसके बाद मुंबई पुलिस को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड भी मिल गई| पुलिस के मुताबिक, तीन आरोपियों ने सलमान खान के घर की रेकी भी की थी| हालांकि, इस मामले में आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है|

हथियार पहुंचाने में कुनाल की भूमिका की जांच

जांच एजेंसियों के अनुसार, कुनाल की मुलाकात अनिल पंडित से एक परिचित के जरिए हुई थी| इसके बाद दोनों एन्क्रिप्टेड ऐप पर संपर्क में रहने लगे| पुलिस का आरोप है कि अनिल के कहने पर कुनाल अमृतसर से पिस्टल और 20 कारतूस लेकर आया था| बाद में उसने राधा को इस काम में शामिल किया| 15 अक्टूबर को कुनाल, राधा और बबीता नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे थे| बताया जा रहा है कि हथियार राधा के बैग में रखा गया था| 17 अक्टूबर को दोनों महिलाएं मुंबई के दादर स्टेशन पहुंचीं, जहां एक नाबालिग लड़का होटल के पास से बैग लेकर चला गया|

फायरिंग के बाद आरोपियों की तलाश तेज

पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर को शाम करीब सात बजे टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई थी| इसके बाद अनिल पंडित ने कथित तौर पर कुनाल से मुंबई में फंसे शूटरों को बाहर निकालने की व्यवस्था करने को कहा| उसी दिन राधा और बबीता ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हो गईं| 20 अक्टूबर को दोनों महिलाओं को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया, जबकि कुनाल और सुमित को सोनीपत से हिरासत में लिया गया| अब पुलिस हथियारों की सप्लाई, कथित शूटरों और पूरे नेटवर्क के बीच संबंधों की पड़ताल कर रही है|

और पढ़ें

[the_ad id="164"]