अलीगढ़। अलीगढ़ के महापौर प्रशांत सिंघल का मां काली की झांकी के साथ भक्ति में झूमते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो विजयादशमी के अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा के दौरान का बताया जा रहा है। इसमें महापौर मां काली की झांकी के साथ उत्साहपूर्वक झूमते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, विजयादशमी के अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई थी। इस दौरान मां काली की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा के महापौर आवास पहुंचने पर प्रशांत सिंघल ने मां काली की झांकी का भव्य स्वागत किया।
महापौर ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ विधि-विधान से मां काली की पूजा-अर्चना की। इसके बाद मां काली के चरणों में शीश झुकाकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान महापौर भक्ति भाव में झूमते दिखाई दिए।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
महापौर का यह भक्तिमय अंदाज शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल वीडियो को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
संवाददाता – शशि गुप्ता









