हाथरस। बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंत में जीत अच्छाई और सत्य की ही होती है। इसी संदेश के साथ मंगलवार को हाथरस जिलेभर में विजयदशमी का पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
शहर के एमजी पॉलीटेक्निक मैदान में देर शाम रावण के विशाल पुतले का दहन किया गया। रावण दहन देखने के लिए शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जैसे ही रावण का पुतला धू-धूकर जलने लगा, पूरा मैदान भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
करीब 15 दिनों की मेहनत के बाद दशानन रावण का 65 फीट ऊंचा और 10 सिरों वाला विशाल पुतला तैयार किया गया था। शाम को पुतले को पॉलीटेक्निक मैदान में खड़ा किया गया। पुतले को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी।
मैदान और उसके आसपास मेले जैसा माहौल दिखाई दिया। दिनभर दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने चाट-पकौड़ी और अन्य व्यंजनों का आनंद लिया। शाम होते-होते मैदान दर्शकों से भर गया और हर कोई रावण दहन का नजारा देखने के लिए उत्सुक नजर आया।
राम-रावण युद्ध के मंचन के बाद हुआ दहन
देर शाम भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूप मैदान में पहुंचे। इसके बाद रामलीला के कलाकारों ने राम-रावण युद्ध का मंचन किया। युद्ध के दौरान भगवान श्रीराम ने विभीषण के बताए रहस्य के अनुसार रावण की नाभि को निशाना बनाकर अग्निबाण चलाया।
अग्निबाण लगते ही रावण का विशाल पुतला आग की लपटों से घिर गया और देखते ही देखते धू-धूकर जलने लगा। पुतले से उठती आग की लपटों, रंग-बिरंगी आतिशबाजी और पटाखों की गूंज के बीच लोगों ने भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए।
रावण का पुतला धराशायी होते ही मैदान में मौजूद लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव मनाया। रावण दहन के बाद भगवान श्रीराम और माता जानकी के मिलन का दृश्य भी प्रस्तुत किया गया। विजयदशमी के इस आयोजन ने लोगों को सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
गली-मोहल्लों में भी हुआ रावण दहन
शहर के मुख्य आयोजन के साथ ही गली-मोहल्लों और विभिन्न क्षेत्रों में भी बच्चों ने रावण के छोटे-छोटे पुतले बनाकर उनका दहन किया। बच्चों में पर्व को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी विजयदशमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर राम बहादुर यादव उर्फ भोला पहलवान, पवन गौतम, राहुल चौधरी, गोपाल शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक रामनंदन कुशवाहा, सीओ हिमांशु माथुर, कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र राघव सहित पुलिस बल मौजूद रहा। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहे।
शोभित कुमार शर्मा
हाथरस उत्तर प्रदेश








