भक्तिमय माहौल में संपन्न हुई मां काली की विसर्जन यात्रा, सुरक्षा में मुस्तैद रहा पुलिस प्रशासन
झांसी के चिरगांव नगर में मां काली की विसर्जन यात्रा धूमधाम, उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ निकाली गई। यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मां काली के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ मां को विदाई देकर अगले वर्ष फिर से आगमन की कामना की।
मां काली की विसर्जन यात्रा को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। महिला, पुरुष और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नगर में जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई। जयकारों और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने मां काली के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
वहीं, विसर्जन यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस की मौजूदगी में विसर्जन यात्रा को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया गया।
मां काली की विदाई के दौरान श्रद्धालुओं में भक्ति और भावुकता का माहौल देखने को मिला। लोगों ने नम आंखों से मां को विदाई दी और अगले वर्ष पुनः आगमन की प्रार्थना की। इस तरह चिरगांव नगर में मां काली की विसर्जन यात्रा श्रद्धा, उत्साह और शांतिपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हुई।
पंकज रावत, चिरगांव, झांसी









