हरदोई में विजयदशमी के अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर वोट चोरी करने और फर्जी मतदाताओं के सहारे चुनाव जीतने की कोशिश करने के आरोप लगाए। साथ ही दावा किया कि 2027 का विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी का आखिरी चुनाव साबित होगा। राठौर ने कहा कि अगर सपा और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ती हैं, तो 2032 में मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच होगा।
विपक्ष पर लगाए आरोप, मतदाता सूची को लेकर कही बात
सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने निर्वाचन आयोग की तारीफ करते हुए कहा कि भाजपा व्यवस्थित और शुद्ध मतदाता सूची के पक्ष में है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष फर्जी मतदाताओं के सहारे चुनाव जीतना चाहता था, लेकिन अब ऐसा नहीं हो पाएगा। राठौर ने दावा किया कि शुद्ध मतदाता सूची के आधार पर भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण चुनाव कराने का श्रेय भी निर्वाचन आयोग को दिया।
अखिलेश यादव पर कसा तंज
अखिलेश यादव के जेल में आजम खान से मुलाकात करने जाने के सवाल पर राठौर ने तंज कसते हुए कहा कि वह अपने चचा जान, अब्बा जान या भाई जान, जिससे चाहें मिलें। इसी दौरान उन्होंने 2027 के चुनाव को सपा का आखिरी चुनाव बताते हुए 2032 में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला होने का दावा किया।
राजा भैया को लेकर क्या बोले जेपीएस राठौर?
राजा भैया से मुलाकात के सवाल पर सहकारिता मंत्री ने कहा कि राजा भैया उनके साथ हैं और बेहद समझदार नेता हैं। उन्होंने कहा कि राजा भैया हमेशा भाजपा और एनडीए के साथ रहे हैं और विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने सहजता एवं संवेदनशीलता के साथ साथ दिया है। राठौर ने कहा कि भाजपा राजा भैया का सम्मान करती है।
स्नातक एमएलसी चुनाव में सभी 11 सीटें जीतने का दावा
स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर जेपीएस राठौर ने सभी 11 सीटों पर भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी उमेश द्विवेदी और अवनीश पटेल अपने-अपने क्षेत्रों से चुनाव जीतेंगे। मंत्री के मुताबिक, दोनों प्रत्याशी पिछली बार भी जीते थे और इस बार भी जीत दर्ज करेंगे।
संवाददाता: अमित सिंह, हरदोई








