महेंद्र नगर में जलभराव से घरों में घुसा सीवर का पानी, दिवाली पर पेंट की जगह लगवा रहे पैनल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नालियां चोक होने से वार्ड 28 के लोग परेशान, कई घरों में घुटनों तक भर रहा गंदा पानी, नगर निगम पर अनदेखी का आरोप

अलीगढ़। महानगर के वार्ड नंबर 28 स्थित महेंद्र नगर में जलभराव और सीवर की समस्या ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने और सीवर लाइन चोक होने से गंदा पानी घरों में घुस रहा है। इससे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। दिवाली का त्योहार नजदीक होने के बावजूद लोग अपने घरों की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई नहीं करा पा रहे हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि सीवर के पानी से घरों की दीवारों में सीलन आ गई है। पेंट कराने के कुछ समय बाद ही दीवारें खराब होने लगती हैं। ऐसे में लोगों को मजबूरी में पेंट की जगह वाटरप्रूफ पैनल लगवाने पड़ रहे हैं। इससे परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ रहा है।

क्षेत्रवासियों के मुताबिक, कई घरों में घुटनों तक गंदा पानी भर जाता है। इससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। गंदे पानी के जमाव से संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी हुई है।

लोगों का आरोप है कि नगर निगम के अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से दिवाली से पहले सीवर लाइनों की सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]