बागपत। जिले के कोताना गांव में रामलीला के मंच पर कथित अश्लील डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में आदर्श रामलीला कमेटी के मंच पर कुछ महिलाएं नृत्य करती नजर आ रही हैं, जबकि वहां मौजूद कुछ लोग उन पर रुपये उड़ाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और मामले में कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, कोताना गांव में आयोजित रामलीला के मंच पर धार्मिक कार्यक्रम समाप्त होने के बाद देर रात नृत्य कार्यक्रम होने का आरोप लगाया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रामलीला मंचन के बाद बड़ी संख्या में लोग एकत्र होते हैं और इसके बाद मंच पर महिलाओं से कथित अश्लील नृत्य कराया जाता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि धार्मिक आयोजन के मंच पर इस तरह की गतिविधियां सनातन संस्कृति और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली हैं। लोगों ने आयोजन से जुड़े जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से प्रसारित होने के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
फिलहाल वीडियो कब बनाया गया और कार्यक्रम के आयोजन के लिए किसने अनुमति दी थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट- विकास शर्मा









