लखीमपुर खीरी के गोला में 84 करोड़ के ओवरब्रिज की सड़क धंसने से हड़कंप मच गया। NH-730 पर रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर बने ओवरब्रिज की सड़क तीन दिन की बारिश के बाद शनिवार रात अचानक धंस गई और बड़ा गड्ढा बन गया।
मामले की जानकारी मिलते ही BJP विधायक अमन गिरि मौके पर पहुंचे। सड़क की हालत देखकर विधायक का पारा चढ़ गया और उन्होंने मौके पर मौजूद अफसरों को जमकर फटकार लगाई।विधायक ने साफ कहा कि सड़क दुरुस्त होने तक अफसर मौके से नहीं जाएंगे और काम पूरा होने तक घर नहीं जाएंगे। लापरवाही पर विधायक ने यहां तक कह दिया कि अफसरों की जूतों से सेवा की जाएगी।
अमन गिरि ने ठेकेदारों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ठेकेदार सरकार की छवि बिगाड़ रहे हैं, इन्हें जनता की परवाह नहीं है।करीब 84 करोड़ की लागत से बने इस ओवरब्रिज का निर्माण 2021 में शुरू हुआ था और 2026 में इसे आवागमन के लिए खोला गया था। इससे पहले भी ओवरब्रिज में दरारें आने के बाद निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ चुके हैं।अब सड़क धंसने के बाद एक बार फिर निर्माण की गुणवत्ता सवालों के घेरे में है। तकनीकी जांच के बाद ही साफ होगा कि सड़क आखिर क्यों धंसी।









