वृन्दावन। कांशीराम आवासीय कॉलोनी में जर्जर और खतरनाक घोषित भवनों को खाली कराने के नगर निगम के नोटिस से हड़कंप मच गया है। बेघर होने के डर से गुस्साए कॉलोनी निवासियों ने सोमवार को नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पीड़ित लोगों का आरोप है कि वे पिछले दस वर्षों से यहां रह रहे हैं और उनके पास मकानों का वैध आवंटन है।
इसके बावजूद उन्हें बेदखल कर अन्य छोटे फ्लैटों में ठूंसने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों में शामिल मीरा देवी, विशाखा दास और तरुण कृष्ण शास्त्री ने कहा कि प्रशासन पहले उन्हें अन्य स्थान पर नया पक्का आवंटन पत्र लिखित में दे, तभी वे मकान खाली करेंगे। बिना ठोस लिखित आश्वासन के वे किसी भी सूरत में अपने घर खाली नहीं करेंगे।
संवाददाता वेद प्रकाश सारस्वत









