22 घंटे बाद एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा, नहर में लापता छात्र की तलाश तेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के गुरचिहा ग्राम सभा में शौच के लिए गया 17 वर्षीय छात्र पैर फिसलने से नहर में गिरकर लापता हो गया। घटना के करीब 22 घंटे बाद राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और नहर में तलाशी अभियान शुरू किया। खबर लिखे जाने तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

लापता छात्र की पहचान राजकुमार पुत्र नागेंद्र शर्मा (17) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजकुमार भागीरथी कृषक महाविद्यालय, भागीरथपुर में इंटरमीडिएट का छात्र था। परिजनों के अनुसार, वह शौच के लिए नहर की ओर गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नहर में गिर गया और तेज बहाव में बह गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से नहर में छात्र की तलाश शुरू कराई। स्थानीय स्तर पर काफी प्रयास किए गए, लेकिन छात्र का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई।

करीब 22 घंटे बाद एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक उपकरणों के साथ नहर में तलाशी अभियान तेज कर दिया। टीम नहर के संभावित स्थानों पर छात्र की तलाश कर रही है। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

छात्र के लापता होने की खबर से गांव में भी शोक और चिंता का माहौल है। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है और लोग तलाशी अभियान में सहयोग कर रहे हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार छात्र की तलाश में जुटी है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]