देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के कसया रोड स्थित लक्ष्मीराम पोखर में मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबे 20 वर्षीय युवक आकाश साहनी का शव करीब 15 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। युवक के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम ने भी सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, कसया रोड निवासी आकाश साहनी मूर्ति विसर्जन के लिए लक्ष्मीराम पोखर गया था। विसर्जन के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर युवक की तलाश शुरू कराई।
रात से ही पोखर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस के साथ एनडीआरएफ की टीम भी लगातार युवक की तलाश में जुटी रही। करीब 15 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आकाश का शव पोखर से बरामद कर लिया गया।
शव मिलने की सूचना पर मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने समेत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।









