तहसील समाधान दिवस में महिला ने दरोगा पर थप्पड़ मारने का लगाया आरोप, कार्रवाई की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। नौतनवा तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान ग्राम परसौनी कला निवासी फोटो देवी ने चौकी इंचार्ज पर मारपीट और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। महिला ने उपजिलाधिकारी नौतनवा कुणाल को दिए शिकायत पत्र में पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।

महिला के अनुसार, बीते नौ सितंबर को शीशा तोड़ने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। मामले में संबंधित चौकी इंचार्ज ने दोनों पक्षों को चौकी पर बुलाया और शांति भंग की कार्रवाई के तहत चालान किया था।

पीड़िता का आरोप है कि इसी मामले में चौकी इंचार्ज और एक सिपाही उसे एक कमरे में ले गए। वहां उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और उसके कपड़े खींचे गए। महिला ने बताया कि घटना को लेकर वह पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी के समक्ष भी लिखित व मौखिक रूप से अपना पक्ष रख चुकी है।

महिला ने अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की। साथ ही, उसने कहा कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर होगी। समाधान दिवस के दौरान क्षेत्राधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]