खड्डा (कुशीनगर)। हिंदी दिवस के अवसर पर सोमवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय मदनपुर सुकरौली में सुलेख एवं हिंदी व्याकरण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ शुद्ध लेखन, व्याकरणिक ज्ञान और रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा।
प्रधानाचार्य अभीप्सित कुमार के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में कुल 111 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इनमें सुलेख प्रतियोगिता में 83 और हिंदी व्याकरण प्रतियोगिता में 28 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सुलेख प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में शिवानी साहनी प्रथम, चांदनी चौहान द्वितीय और कृष्णा भारती तृतीय रहीं। जूनियर वर्ग में सूरज चौधरी प्रथम, अभिषेक कुमार व आकाश चौहान द्वितीय तथा रोशनी पासवान व गुड़िया साहनी तृतीय रहीं।
वहीं हिंदी व्याकरण प्रतियोगिता की कक्षा आठ में सूरज चौधरी प्रथम, अभिषेक कुमार द्वितीय तथा दीपिका सिंह व चुलबुली पासवान तृतीय रहीं। कक्षा सात में रोशनी पासवान प्रथम, राजन यादव द्वितीय तथा अनामिका पासवान व शिवम भारती तृतीय रहे।
प्रतियोगिता का संचालन विनय कुमार सिंह (अनुदेशक), दीवान सिंह, महेंद्र कुमार, देवेन्द्र कुमार सिंह एवं वीरेंद्र यादव की देखरेख में हुआ। शिक्षकों ने सफल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और भाषा कौशल को मजबूत करती हैं। विद्यालय परिवार ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।









