सिसवा बाजार और खड्डा रेलवे स्टेशन के बीच किमी संख्या 323/08-10 पर सोमवार को ट्रेन की चपेट मे आने से एक 65 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई।
पूर्वोत्तर रेलवे सिसवा बाजार के स्टेशन अधीक्षक को 15212 जननायक एक्सप्रेस के लोको पायलट द्वारा रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचा। पुलिस ने सम्मानपूर्वक शव को रेलवे ट्रैक से हटाकर किनारे कराया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान के प्रयास शुरू किए।
नशे की हालत में हुआ हादसा
स्थानीय लोगों से पूछताछ के दौरान मृतक की पहचान मोती मुसहर (उम्र लगभग 65 वर्ष), पुत्र सुन्नर, निवासी सबया टोला (बरगदही), थाना कोठीभार, जनपद महराजगंज के रूप में हुई। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक अत्यधिक शराब पीने का आदी था। वह शराब के नशे में रेलवे ट्रैक से गुजर रहा था, तभी किसी ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।









