हाटा के बैडमिंटन खिलाड़ी की असम मे मौत, कारण स्पष्ट नहीं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हाटा के वार्ड नंबर 21 निवासी 18 वर्षीय बैडमिंटन खिलाड़ी सुमित जायसवाल की असम के जोरहाट में मौत हो गई। सुमित का शव उसके पीजी स्थित कमरे से बरामद हुआ। घटना की जानकारी के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि, सुमित की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह रही, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

सुमित, सुरेश जायसवाल का इकलौता पुत्र था और कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से सब-जूनियर खिलाड़ी रहा। उसने स्टेट जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में जीत हासिल की थी। वर्तमान में वह असम के जोरहाट स्थित एटीला गांव में कोच इम्तियाज वसीम के निर्देशन में प्रशिक्षण ले रहा था। सुमित 19 जुलाई को हाटा से असम गया था।

रविवार सुबह उसकी मां निर्मला देवी ने फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद पिता ने कोच को फोन कर जानकारी ली। कोच पीजी पहुंचे, जहां कुछ देर बाद उन्होंने सुमित की मौत की सूचना परिजनों को दी।

सुमित दिल्ली, लुधियाना और बेंगलुरु समेत कई जगहों पर प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुका था। नवंबर में उसे खेलो इंडिया प्रतियोगिता में भाग लेना था।

मंगलवार सुबह करीब आठ बजे सुमित का शव हाटा नगर पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर हाटा विधायक भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। पुलिस की निगरानी में शव को अंतिम संस्कार के लिए हाटा मुक्तिधाम भेजा गया। फिलहाल परिजन सुमित की मौत की वजह स्पष्ट होने का इंतजार कर रहे हैं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]