सड़क किनारे गिट्टी-बालू का ढेर बना हादसों का खतरा, विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

खड्डा। कुशीनगर जनपद के खड्डा तहसील क्षेत्र में सड़कों के किनारे बेतरतीब तरीके से गिराई जा रही गिट्टी और बालू राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। सड़क किनारे निर्माण सामग्री पड़े होने के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, बावजूद इसके संबंधित विभाग की ओर से इस समस्या को लेकर कोई ठोस कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है।

खड्डा से पनियहवा मार्ग पर इंडियन पेट्रोल पंप के पास सड़क के किनारे गिट्टी और बालू गिराया गया है। सड़क के बिल्कुल किनारे पड़े इस निर्माण सामग्री के कारण वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है। खासकर रात के समय गिट्टी-बालू का ढेर वाहन चालकों को दिखाई नहीं देने पर हादसे की आशंका और बढ़ जाती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के किनारे निर्माण सामग्री रखने की वजह से वाहन चालकों को कई बार अचानक दिशा बदलनी पड़ती है। ऐसे में सामने से आने वाले वाहनों से टक्कर या बाइक के अनियंत्रित होकर गिरने का खतरा बना रहता है। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है।

गौरतलब है कि दो दिन पूर्व खड्डा थाना क्षेत्र के मदनपुर शिव मंदिर के पास सड़क किनारे गिरी गिट्टी के कारण बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बताया गया कि सड़क पर गिरी गिट्टी बाइक के पहिए के नीचे आ गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं।

एक हादसे के बाद भी सड़क किनारे निर्माण सामग्री पड़े रहने से लोगों में नाराजगी है। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर सड़क पर या उसके किनारे गिट्टी और बालू गिराकर लोगों की जिंदगी को जोखिम में क्यों डाला जा रहा है? क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है?

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे पड़ी गिट्टी और बालू को तत्काल हटवाया जाए तथा सड़क पर निर्माण सामग्री रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

अब देखना यह है कि विभाग इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है और सड़क किनारे पड़े गिट्टी-बालू को हटवाकर राहगीरों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराता है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]