कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र में पुराने एनएच-74 गैस एजेंसी क्रॉसिंग के पास हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट से टायर की दुकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
बताया जा रहा है कि दुकान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद चिंगारी गिरने से दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान में रखे बड़ी संख्या में नए और पुराने टायर समेत अन्य सामान इसकी चपेट में आ गए।
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग और पुलिस को जानकारी दी। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
आग में दुकान का काफी सामान जलने से दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान होने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें टायर की दुकान धू-धूकर जलती दिखाई दे रही है। पुलिस और संबंधित विभाग घटना की जानकारी जुटा रहे हैं।









