न्याय यात्रा की शुरुआत हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र में हरकी पैड़ी से हुई, जो शहीद पार्क तक पहुंची। इसके बाद शाम को यात्रा हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। जगजीतपुर में हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत, विधायक फुरकान अहमद और कांग्रेस नेता वीरेंद्र रावत समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरक सिंह रावत का फूलमालाओं और आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए हरक सिंह रावत ने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंकिता भंडारी के परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राहुल गांधी से लेकर कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता न्याय की इस लड़ाई को अंतिम मुकाम तक पहुंचाने के लिए संघर्ष करता रहेगा।
वहीं, हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता सरकार की नीतियों से नाराज है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की जनता कांग्रेस के साथ न्याय करेगी और भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।









