हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के नगला भगवान गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर स्थित तालाब में एक 20 वर्षीय युवती का शव मिला। मृतका की पहचान सुलोचना, पुत्री सुरेश कश्यप के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकलवाया।
परिजनों के मुताबिक, सुलोचना पिछले करीब दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। बताया गया कि वह बीते दिन दोपहर करीब एक बजे घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। बाद में तालाब के किनारे उसकी चप्पलें मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में जुट गए।
परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रात में ही मुकदमा दर्ज कर लिया था। सूचना मिलने पर आंझी चौकी के उपनिरीक्षक विपिन चंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम में कांस्टेबल हर्षित कुमार, प्रियांशु चहल, मुनेश और महिला कांस्टेबल भी शामिल रहीं। पुलिसकर्मियों ने परिजनों की मदद से तालाब से शव बाहर निकलवाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार सिंह और प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय घटनाक्रम की जानकारी लेते रहे। फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति साफ हो पाएगी।









