हरदोई में ज्वेलर्स की दुकान से छह ग्राम सोने की कील चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नाक की कील पहनवाने के बहाने दुकान पहुंचीं दो महिलाएं, बुजुर्ग महिला पर चोरी का आरोप

हरदोई। जिले के कासिमपुर थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स की दुकान से सोने के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। नाक की कील पहनवाने के बहाने दुकान पर पहुंचीं दो महिलाओं में से एक बुजुर्ग महिला पर करीब छह ग्राम सोने की कील का पूरा पत्ता चोरी करने का आरोप लगा है। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही जा रही है। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, कासिमपुर के असही रोड स्थित निखिल ज्वेलर्स के संचालक मनोज सोनी ने बताया कि 21 अक्टूबर को दो महिलाएं उनकी दुकान पर नाक की कील पहनवाने आई थीं। इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला ने कथित तौर पर मौका पाकर करीब छह ग्राम वजन की सोने की कीलों का पूरा पत्ता उठाकर अपने झोले में रख लिया।

दोनों महिलाओं के दुकान से जाने के बाद जब दुकानदार ने आभूषणों का मिलान किया तो सोने की कीलों का पत्ता गायब मिला। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई, जिसमें कथित चोरी की घटना दिखाई दी।

पीड़ित दुकानदार मनोज सोनी ने कासिमपुर थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपी महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई और चोरी हुए आभूषण बरामद कराने की मांग की है।

वहीं कासिमपुर थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम राम ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

 

संवाददाता- अमित सिंह

और पढ़ें

[the_ad id="164"]