मैनपुरी। जिले में स्नातक एमएलसी चुनाव के दौरान मतदान प्रक्रिया में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। सदर ब्लॉक स्थित मतदान केंद्र पर एक मतदाता ने आरोप लगाया कि उसके मतदान केंद्र पहुंचने से पहले ही उसका वोट डाला जा चुका था। मामले की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित मतदाता राजकिशोर अपना वोट डालने के लिए सदर ब्लॉक स्थित मतदान केंद्र पहुंचे थे। वहां पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उनके नाम से पहले ही मतदान हो चुका है। यह जानकारी मिलने पर मतदाता हैरान रह गए और उन्होंने मतदान प्रक्रिया में मनमानी का आरोप लगाया।
राजकिशोर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से शिकायत करते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की मांग की। उनका कहना था कि जब वह मतदान करने पहुंचे ही नहीं थे, तो उनके नाम से वोट कैसे पड़ गया।
मामले की जानकारी जिलाधिकारी तक पहुंचने पर उन्होंने तत्काल जांच के निर्देश दिए। पीड़ित मतदाता को जांच के बाद शाम तक मतदान कराने की बात कही गई है।
फिलहाल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मतदाता के नाम पर वोट कैसे दर्ज हुआ और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
रिपोर्टर- सत्येंद्र कुमार









