हरदोई में बिजली विभाग की लापरवाही, जमीन के करीब लटक रहे तारों की चपेट में आया बच्चा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

25 से 30 वर्षों से बिजली के खंभे लगवाने की मांग कर रहे स्थानीय लोग, बड़े हादसे की आशंका

हरदोई।शहर के रद्देपुरवा रोड स्थित पीवी पब्लिक स्कूल के सामने नरेश पेंटर वाली गली में बिजली विभाग की कथित लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। यहां बिजली के तार जमीन के बेहद करीब लटक रहे हैं, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। हाल ही में एक बच्चा इन तारों की चपेट में आ गया। गनीमत रही कि उसकी जान बच गई।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्चा बिजली के तारों की चपेट में आता दिखाई दे रहा है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ गई है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पिछले 25 से 30 वर्षों से गली में बिजली के खंभे लगवाने और तारों को व्यवस्थित कराने की मांग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक समस्या का समाधान नहीं कराया।

लोगों का कहना है कि गली से रोजाना बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं गुजरते हैं। ऐसे में नीचे लटकते बिजली के तार कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।

स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि एक तरफ बिजली विभाग स्मार्ट मीटर लगाकर व्यवस्था को आधुनिक बनाने में जुटा है, वहीं दूसरी तरफ बुनियादी सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी हो रही है।

क्षेत्रवासियों ने विभागीय अधिकारियों से तत्काल निरीक्षण कर बिजली के तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर कराने और आवश्यक खंभे लगवाने की मांग की है। लोगों ने चेताया कि समय रहते समस्या दूर नहीं हुई तो गंभीर हादसा हो सकता है।

 

संवाददाता – अमित सिंह

और पढ़ें

[the_ad id="164"]