हाथरस में छेड़छाड़ के आरोप पर शोरूम में हंगामा, दोनों पक्षों में चले डंडे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

युवती के परिजनों ने कारीगर पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

हाथरस। शहर के कोतवाली सदर क्षेत्र में रामलीला मैदान के निकट स्थित मानवता साड़ी हाउस में युवती से छेड़छाड़ के आरोप को लेकर जमकर हंगामा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि शोरूम का शटर बंद कर दोनों पक्षों के बीच डंडे चलने लगे। घटना से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, एक युवती कपड़े खरीदने के लिए मानवता साड़ी हाउस पहुंची थी। आरोप है कि दुकान में काम करने वाले एक कारीगर ने युवती के साथ छेड़छाड़ की। युवती ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन शोरूम पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

बताया जा रहा है कि युवती के पिता भाजपा व्यापार मंडल प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष हैं, जबकि उसका भाई भाजपा युवा मंडल में मीडिया प्रभारी है। युवती के पिता ने आरोप लगाया कि छेड़छाड़ का विरोध करने पर उनके परिजनों के साथ भी मारपीट की गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली सदर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संवाददाता – शोभित कुमार शर्मा

और पढ़ें

[the_ad id="164"]