ललितपुर। जनपद के कोतवाली तालबेहट क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 स्थित तेरई फाटक पर पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर झांसी से मध्य प्रदेश के सागर जा रही एक स्लीपर बस से करीब 13 लाख रुपये कीमत की खाद्य सामग्री बरामद की गई। खाद्य विभाग की मौजूदगी में सामग्री को नष्ट कराते हुए पुलिस ने बस को सीज कर दिया।
जानकारी के अनुसार, तेरई फाटक चौकी प्रभारी शिवजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध स्लीपर बस को रोककर तलाशी ली। इस दौरान बस से छह कुंतल खोया, 50 किलोग्राम हींग, 10 कुंतल बर्फी और 10 कुंतल मिक्स केक बरामद हुआ। इतनी बड़ी मात्रा में खाद्य पदार्थ मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंचे सहायक आयुक्त खाद्य विनोद कुमार शर्मा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएस निरंजन की मौजूदगी में बरामद खाद्य सामग्री को जेसीबी मशीन की सहायता से नष्ट कराया गया। वहीं पुलिस ने संबंधित स्लीपर बस को सीज कर दिया।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी शिवजीत सिंह के साथ कांस्टेबल उमाशंकर तिवारी, सोनू विश्वकर्मा, शिववीर सिंह, सतेंद्र सिंह, राम आसरे, अमनदीप और लतीफ शामिल रहे।
पुलिस और खाद्य विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। त्योहारों के मद्देनजर इतनी बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री की बरामदगी चर्चा का विषय बनी हुई है।









