महराजगंज। नगर पालिका परिषद महराजगंज में शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत सफाई मित्रों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार ने की।
इस अवसर पर सफाई मित्रों को सम्मानित करते हुए उनके समर्पण, मेहनत और स्वच्छता के प्रति महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की गई। अधिकारियों ने कहा कि शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वे प्रतिदिन अपने कार्य के माध्यम से नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान दे रहे हैं।
कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन के अभय कुमार गुप्ता, कार्यालय सहायक स्वच्छ भारत मिशन एवं कर्मचारी संघ अध्यक्ष ऋषभ दुबे, कोषाध्यक्ष इंद्रासन, आरिफ खान, विनोद गौतम, शकीउल्लाह सहित नगर पालिका के सफाई मित्र मौजूद रहे।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने सफाई मित्रों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सफाई मित्र इस अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया गया। उन्हें स्वच्छ एवं स्वस्थ महराजगंज के सच्चे कर्मवीर बताया गया।









