महराजगंज/सिसवा बाजार। सोशल मीडिया पर आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और डॉ. भीमराव आंबेडकर को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक एवं अश्लील भाषा के प्रयोग का मामला सामने आया है। मामले को लेकर आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने थाना कोठीभार में लिखित शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
गुरुवार को दिए गए शिकायती पत्र में पार्टी पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति द्वारा चंद्रशेखर आजाद के संबंध में आपत्तिजनक एवं अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते हुए वीडियो/पोस्ट प्रसारित की गई। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उसी पोस्ट में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के संबंध में भी कथित रूप से अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है।
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो की जांच कर संबंधित व्यक्ति की पहचान करने तथा मामले में नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस की जांच के बाद ही पोस्ट की वास्तविकता और उसमें प्रयुक्त सामग्री के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
शिकायती पत्र पर पंकज विश्वकर्मा सहित पार्टी पदाधिकारियों के नाम दर्ज हैं।









